पृष्ठ:वैदेही-वनवास.djvu/२५०

यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
२०९
त्रयोदश सर्ग

मलिन - मानसों की मलीनता दूर कर।
भरती रहती है भूतल में भव्यता ।।
है फूटती दिखाती संकट - तिमिर मे।
दिव्य - जनों या देवी ही की दिव्यता ॥६९।।

आश्रम की कुछ ब्रह्मचारिणी - मूर्तियाँ।
ऐसी हैं जिनमें है भौतिकता भरी।
किन्तु आपके लोकोत्तर - आदर्श ने।
उनकी कितनी बुरी - वृत्तियाँ है हरी ॥७०॥

इस विचार से भी पधारना आपका ।
तपस्विनी - आश्रम का उपकारक हुआ ।।
निज प्रभाव का वर - आलोक प्रदान कर।
कितने मानस - तम का संहारक हुआ ॥७१॥

है समाप्त हो गया यहाँ का अध्ययन ।
अव अगस्त - आश्रम में मैं हूँ जा रही॥
विदा ग्रहण के लिये उपस्थित हुई हूँ।
यद्यपि मुझे पृथकता है कलपा रही ॥७२।।

है कामना अलौकिक दोनों लाडिले।
पुण्य - पुंज के पूत - प्रतीक प्रतीत हों।
तज अवैध - गति विधि - विधान - सर्वस्व वन ।
आपके विरह - वासर शीघ्र व्यतीत हों।७३।।

१४