पृष्ठ:पुरातत्त्व प्रसंग.djvu/१५०

यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
कालेपानी के आदिम असभ्य

भारत के अधिकांश मनुष्य अन्दमन-द्वीप का नाम सुनकर यह नहीं बता सकते कि वह कहाँ है। पर काले पानी के नाम से वे प्रायः सभी परिचित है। गहरे समुद्र का जल कालिमा लिये होता है। इसी से शायद इस द्वीप- पुञ्ज को यहाँवाले कालापानी कहते हैं। इसकी अधिक प्रसिद्धि का कारण यह है कि सख्त और लम्बी सजा पाये हुए भारतीय मुजरिम या कैदी समुद्र-पार इसी द्वीप को भेजे जाते रहे है। वहीं के जेलों में वे बन्द किये जाते थे। और अब भी वे हज़ारों की संख्या में यहाँ कैद है। अब कुछ समय से वहाँ कैदियों का जाना बन्द कर दिया गया है। वहाँ के बहुत से कैदी भारत को लौटा भी दिये गये हैं। तथापि अब तक वहाँ बहुत से कैदी है। उनमें से कुछ तो वहीं बस भी गये हैं। दक्षिण के बहुत से मोपले उस साल बाग़ी हो गये थे। उनमें से भी बहुत से मोपले, सजा पाने पर, वहीं भेजे गये हैं। अब तो उनकी स्त्रियाँ और बच्चे भी वहीं भेजे जा रहे हैं। ये सब लोग वहीं अलग अलग गांवों में बस कर मिहनत-मजदूरी और काश्तकारी करेंगे। ये वहाँ बहुत कुछ स्वच्छन्द रहेगे,