पृष्ठ:दृश्य-दर्शन.djvu/६७

यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
चरखारी-राज्य।

बुंदेलखण्ड में चरखारी एक प्रसिद्ध राज्य है। उसकी राजधानी चरखारी-नगर हमीरपुर जिले के अन्तर्गत महोबा रेलवे स्टेशन से कोई ९ मील है। वह उत्तरी अक्षांश २४.४१ और २५ के बीच में है। चरखारी समुद्र की सतह से कोई ६३० फुट उँचाई पर है। शहर की लम्बाई २ मील और चौड़ाई उससे कुछ कम है। क्षेत्रफल साढ़े तीन वर्गमोल के करीब है। राज्य का क्षेत्रफल ८८० वर्गमील है और गत मनुष्य-गणना के अनुसार आबादी १,२४,००० है। इस हिसाब से प्रति वर्ग-मील में कोई १६५ आदमी बसते हैं। आमदनी ९ लाख रुपये सालाना है। यह रियासत कई परगनों में बँटी हुई है। रानीपुर-मेरा परगने में हीरे की खानें हैं।

बुंदेलखण्ड में दो तरह की रियासतें हैं—एक वे जिनको गवर्नमेंट ने सनदे दी हैं; दूसरी वे जिनके और गवर्नमेंट के दर्मियान सन्धि- पत्र लिखे गये हैं। चरखारी पहले प्रकार का राज्य है।