पृष्ठ:कला और आधुनिक प्रवृत्तियाँ.djvu/८९

यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
७६
कला और आधुनिक प्रवृत्तियाँ

अतिरिक्त और कहीं नहीं होता था। रोम के वैभव-काल में यह रंग राजकीय रंग समझा जाता था। यह रंग जितना कलात्मक है उतना ही भावात्मक भी। यह विवेक की प्रवृत्ति, रहस्योद्घाटन और अदृश्यता को समझाने की शक्ति प्रदान करता है। हलका बैगनी रंग पश्चात्ताप तथा उदासीनता का बोध कराता है।

इन रंगों के मनोवैज्ञानिक अध्ययन और प्रयोग से उनका मनोभावात्मक प्रभाव ज्ञात हो सकता है। इस प्रकार उन रंगों की जानकारी प्राप्त कर हमें उनका प्रयोग विवेकपूर्वक अपने चित्रों में करना चाहिए। तभी हम अपने भावों को जोरदार तथा प्रभावशाली बना सकते हैं। रंगों के अध्ययन में एक बात सदैव स्मरणीय होनी चाहिए कि किसी रंग के हलके तथा गाढ़े रंग का भिन्न-भिन्न प्रभाव पड़ता है। जैसे चमकदार गाढ़ा बैंगनी रंग मन को उदासीनता की ओर ले जाता है। स्फूर्ति लद्धड़पन में परिणत हो जाती है।

शीत और उष्ण प्रकृतिवाले रंग

रंगों के प्रभाव के अनुसार उन्हें पहले दो भागों में बाँटा जाता है--उष्ण और शीत प्रकृतिवाले रंग। सौर रंग-सिद्धान्त के अनुसार सूर्य की किरणें जब कोणाकार शीशे में से छनकर निकलती हैं तो उनसे छः रंग बनते हैं; लाल, नारंगी, पीला, हरा, नीला और बैंगनी। ये रंग इसी क्रम से एक दूसरे के पश्चात् दिखाई देते हैं। पहलेवाले तीन रंग--लाल, नारंगी और पीला--सबसे अधिक चमकीले होते हैं, अर्थात् ये रंग सूर्य की गर्मी को सबसे अधिक छिटकाते या फैलाते हैं और इसीलिए ये उष्ण कहे जाते हैं। पीछे वाले रंग-हरा, नीला, और बैंगनी-कम चमकीले और कम भड़कीले होते हैं, अर्थात् वे सूर्य की गर्मी अपने में अधिक खींचते हैं और नष्ट कर देते हैं। इसलिए वे ठंडक पहुँचाते है, अतः वे ठंडे रंग कहे जाते हैं। इसी प्रकार मनुष्य की प्रकृति भी ठंडी और गर्म होती है। सृष्टि की प्रत्येक वस्तु में इसी प्रकार ठंडक और गर्मी होती है । इसी ठंडक और गर्मी का जिस मनुष्य पर जितना प्रभाव पड़ता है, वैसा ही उसका स्वभाव तथा चरित्र बन जाता है।

अब रंग तथा उसकी प्रकृति से हम परिचित हो गये। यदि हम विचार करके निश्चित कर लें कि कौन-से विचार तथा मनोभाव ठंडे और गर्म हैं तो उन्हीं के अनुसार रंगों का प्रयोग करके हम वैसा ही प्रभाव अपने चित्रों द्वारा दूसरों पर डाल सकते हैं। इस प्रकार सृष्टि की ठंडी वस्तुओं को हम केवल ठंडे रंगों से चित्रित कर सकते हैं और गर्म वस्तुओं को गर्म रंगों से। सूर्य हमें देखने में उजला और चमकीला लगता है और वैसा