यह पृष्ठ प्रमाणित है।
१४२
तिलक
 

यह बंबई-धारासभा के सदस्य चुने गए। दो वर्ष बाद पूने में प्लेग महामारी फूट पड़ी। प्लेग से रक्षा के लिए सरकार ने बड़ी कड़ाई के साथ स्वास्थ्य-संबंधी नियमों के पालन पर जोर दिया और इसकी व्यवस्था का भार गोरे सैनिकों के हाथों में सौंप दिया। सैनिक जनता को हर प्रकार से तंग करने लगे। इन्हीं दिनों दामोदर हरि चापेकर नामक एक व्यक्ति ने प्लेग-समिति के अध्यक्ष मि॰ रैण्ड की हत्या कर दी और लेफ़्टिनेन्ट आयरेट नामक एक अफसर भी मार दिया गया। ऐग्लो-इडियन समुदाय और उनके पत्रों ने गुहार मचानी आरम्भ की और शासकों द्वारा आतंक की वृद्धि हुई। लोकमान्य तिलक ने अपने किसी लेख में शिवाजी द्वारा अफजलखाँ के वध को नीतिविहित सिद्ध किया था। आवाज उठने लगी कि तिलक राजनीतिक हत्याओं को उत्तेजना देते हैं। इनसे समस्त देश में बड़ी सनसनी फैल गई। तब 'केसरी' में प्रकाशित कुछ लेखों के कारण लोकमान्य पर राजद्रोह का मुकद्दमा चला और उन्हें १८ मास क़ैद की सज़ा दी गई। इस जेल-जीवन में लोकमान्य ने वेदो में खोज करके 'ओरायन' नामक संसार-प्रसिद्ध ग्रन्थ की अँगरेंजी मे रचना की। प्रसिद्ध योरपीय विद्वान् प्रो॰ मैक्समूलर इससे बहुत प्रभावित हुए। उन्होंने महारानी विक्टोरिया को लिखा और लोकमान्य ६ मास पूर्व जेल से छोड़ दिये गये। लोकमान्य प्रथम बार १८९० में कांग्रेस में शामिल हुए थे। फिर जब १८९५ में पूना में अधिवेशन हुआ तो आपको स्वागत-समिति का मन्त्री बनाया गया। कांग्रेस में तब माडरेट लोगो का ही बोलबाला था। पर लोकमान्य कांग्रेस को तीन दिन के तमाशे के बजाय निरन्तर कार्यशील और जागरूक संस्था बनाना चाहते थे। १९०५ में जब लार्ड कर्जन ने बंगाल के दो टुकड़े कर दिए और फलत: उसके विरुद्ध देशव्यापी आन्दोलन उठा तो तिलक ने पैसा-फंड खोला और आन्दोलन के संचालनार्थ लाखो रुपये इकट्ठा हो गये। सन् १९०७ में सूरत में कांग्रेस का अधिवेशन हुआ। इस अधिवेशन में तिलक के गरम दल और रासबिहारी घोष तथा सुरेन्द्रनाथ आदि के नरम दल के बीच जोरो का संघर्ष हुआ और फलत: कांग्रेस पर कुछ वर्षों के लिए माडरेटो का आधिपत्य और भी प्रबल हो गया। 'केसरी' के कुछ लेखों के कारण लोकमान्य को २४