यह पृष्ठ प्रमाणित है।
सेवासदन
३१७
 


सिर में दर्द होने लगता है, कभी दौड़ धूप से बुखार चढ़ आता है, तब भी वह घर का सारा काम रीत्यानुसार करती रहती है। वह कभी-कभी एकान्त में अपनी इस दीन दशा पर घंण्टो रोती रहती है, पर कोई ढाढ़स देने वाला, कोई आँसू पोंछने वाला नहीं।

सुमन स्वभाव से ही मानिनी, सगर्वा स्त्री थी। वह जहाँ कही रही थी रानी बनकर रही थी। अपने पति घर वह सब कष्ट झेलकर भी रानी थी। विलास नगर में वह जबतक रही उसी का सिक्का चलता रहा, आश्रम में वह सेवा-धर्म पालन करके सर्वमान्य बनी हुई थी। इसलिए अब यहाँ इस हीनावस्था में रहना उसे असहय था। अगर सदन कभी-कभी उसकी प्रशंसा कर दिया करता, कभी उससे सलाह लिया करता, उसे अपने घर की स्वामिनी समझा करता या शान्ता उसके पास बैठकर उसकी हाँ में हाँ मिलाती, उसका मन बहलाती तो सुमन इससे भी अधिक परिश्रम करती और प्रसन्नचित्त रहती। लेकिन उन दोनो प्रमियों को अपनी तरग में और कुछ न सूझता था। निशाना मारते समय दृष्टि केवल एक ही वस्तु पर रहती है। प्रेमासक्त मनुष्य का भी यही हाल होता है।

लेकिन शान्ता और सदन की यह उदासीनता प्रेमलिप्सा के ही कारण थी, इसमें सन्देह है। सदन इस प्रकार सुमन से बचता था, जैसे हम कुप्ट रोगी से बचते है, उस पर दया करते हुए भी उसके समीप जाने की हिम्मत नहीं रखते। शान्ता उस पर अविश्वास करती थी, उसके रूपलावण्य से डरती थी। कुशल यही थी कि सदन स्वयं सुमन से आँखे चुराता था, नहीं तो शान्ता इससे जल ही जाती। अतएव दोनो चाहते थे कि यह आस्तीन का साँप आँखो से दूर हो जाय, लेकिन संकोच वश वह आपस में भी इस विषय को छेड़ने से डरते थे।

सुमन पर यह रहस्य शनैं• शनै• खुलता जाता था।

एक बार जीतन कहार शर्मा जी के यहाँ से सदन के लिए कुछ सौगात लाया था। इसके पहले भी वह कई बार आया था, लेकिन उसे देखते ही सुमन छिप जाया करती थी। अबकी जीतन की निगाह उस पर पड़ गई।