पृष्ठ:आवारागर्द.djvu/११६

यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
११३
वह कहे तो

सुडौल और आरोग्यता की लाली से भरे हुए चेहरे पर आम की फाँक के समान बड़ी-बड़ी आँखे और कोमल, नोकदार नाक बहुत ही शोभा पा रही थी। बालिका के शरीर में यौवन ऊधम मचा रहा हैं, इसकी मानो उसे कुछ खबर ही न थी। वह अपने चिर-सहचर शैशव का पल्ला पकड़े, मानों उस दूकान पर चली आई थी। वह अपनी दादी के साथ कुछ कपड़ा लेने आई थी। उसे इस बात का खयाल भी न था कि उसका यह छलिया सहचर चाहे जब उसे धोका दे सकता हैं, और अब उसी के भरोसे हाट बाजार मे घूमना उसके लिये निरापद् नही हैं।

बंसी ने उसकी एक झलक देखी। उसे ऐसा मालूम हुआ, जैसे उसकी एक पसली अपनी जगह से हिल गई हो। एक दर्द जो उसके जीवन की नई चीज थी, उसके हृदय में पैदा हुआ। उसका सारा शरीर पसीने से भर गया। उसे ऐसा प्रतीत हुआ, जैसे वह अभी अपनी जगह से गिर जायगा। वह लड़खड़ाता हुआ उठा, और बालिका के बिलकुल नज़दीक आकर बोला—"क्या चाहिए तुम्हें?" उसके नथने फूल गए, और साँस चढ़ गई। उसकी आँखों से ज्वाला की लहर-सी निकलने लगी। ऐसा प्रतीत हुआ, मानो उसे छू लेगा। बालिका बोली—नही। अपरिचित युवक के ऐसे व्यवहार से घबराकर वह सहमी हुई-सी अपनी दादी की ओर देखने लगी। युवक ने बिलकुल पागल की तरह एक के बाद एक थानों का ढेर लगाना शुरू कर दिया। उसके हाथ मशीन की भाँति चल रहे थे। ढेर बढ़ता ही चला जा रहा था। उसकी साँस के साथ ज्वाला निकल रही थी, और हृदय की धुकधुकी बेतरह बढ़ गई थी। उसके पिता और नौकर-चाकरों ने आश्चर्य चकित होकर युवक की इस चेष्टा को देखा। वृद्धा ने क्रोध से लाल होकर, बालिका का हाथ पकड़कर कहा—"चल